छात्र राजनीति से सत्ता के गलियारों तक पहुंचने की कहानी बताने वाली वेब सीरीज 'ढाई चाल' जल्द ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज होगी। मेकर्स ने हाल ही में इसका टीजर जारी किया है, जिसमें दिखाया गया है कि राजस्थान के एक कैंपस से शुरू हुई छात्रों की छोटी-मोटी राजनीति कैसे देश की सत्ता तक पहुंचती है। यह सीरीज फेमस राइटर नवीन चौधरी के दो बेस्ट सेलिंग नॉवेल 'जनता स्टोर' और 'ढाई चाल' पर आधारित है।
1 मिनट 38 सेकंड के टीजर में कहानी तीन बचपन के दोस्तों मयूर, दुष्यंत और अरुण के इर्द-गिर्द घूमती है, जो जयपुर के एक कॉलेज में साथ एडमिशन लेते हैं। कॉलेज में एंट्री के पहले दिन की झड़प मयूर भारद्वाज की जिंदगी बदल देती है। नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक मुद्दे उठाने वाला मयूर गुस्से में स्टूडेंट राजनीति के हेड के साथ जुड़ जाता है और धीरे-धीरे सत्ता की गंदगी उसे अपनी तरफ खींच लेती है। टीजर में एक नेता उसे बताता है कि छात्रों को लगता है कि वे आपस में राजनीति कर रहे हैं, जबकि वे सिर्फ राजनीति में बैठे लोगों के लिए शतरंज के प्यादे हैं।
50 एपिसोड की इस सीरीज को मेकर्स दो भागों में रिलीज करेंगे। शुरुआती 24 एपिसोड में 'जनता स्टोर' की कहानी दिखाई जाएगी, जो राजस्थान की यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट्स के बीच होने वाली नोक-झोंक और राजनीति पर केंद्रित है। वहीं अगले 26 एपिसोड में 'ढाई चाल' किताब की कहानी पर्दे पर होगी, जिसमें दिखाया जाएगा कि कैसे बड़े कैंपस के स्टूडेंट्स को सत्ता के ठेकेदार अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करते हैं।
सीरीज का प्रीमियर 27 नवंबर 2026 को एक्सक्लूसिव जियो हॉटस्टार पर होगा। इसमें गगन अरोड़ा, आदिल जफर खान, अंकित सिवाच और अंजलि तत्रारी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। पहले सीजन में राजेश कुमार, परितोष सैंड और ऋषिका लोकरे कहानी को मजबूती देंगे, जबकि दूसरे सीजन में श्रद्धा दास, मीर सरवर, कामाक्षी भट्ट और हेतल गड़ा नए किरदारों के साथ कहानी में नया मोड़ लाएंगे।
