दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने उन पूर्व विद्यार्थियों को डिग्री पूरी करने का विशेष अवसर दिया है, जिनकी पढ़ाई बीच में छूट गई थी या जो तय समय सीमा में सभी पेपर पास नहीं कर पाए थे। विश्वविद्यालय के इस फैसले का लाभ नियमित कॉलेजों के अलावा नान-कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (एनसीवेब) और स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के विद्यार्थी भी उठा सकेंगे। इससे वे पूर्व विद्यार्थी अपनी अधूरी शैक्षणिक योग्यता पूरी कर सकेंगे।
नियमों के अनुसार, स्नातक पाठ्यक्रमों में वर्ष 2012 से 2019 के बीच दाखिला लेने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में वर्ष 2012 से 2020 के बीच दाखिला लेने वाले पूर्व विद्यार्थी इस सुविधा के पात्र होंगे। विशेष चांस के तहत विद्यार्थियों को केवल थ्योरी पेपर की परीक्षा देने की अनुमति होगी। ये परीक्षाएं डीयू की नियमित परीक्षाएं समाप्त होने के बाद एक ही चरण में आयोजित की जाएंगी, जिसके लिए विश्वविद्यालय अलग से विस्तृत डेटशीट जारी करेगा।
आवेदन करते समय विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म में फ्रेश न्यू स्टूडेंट विकल्प का चयन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 24 फरवरी 2027 रात 11:59 बजे तक है। संबंधित कॉलेज, विभाग और केंद्रों को 26 फरवरी तक आवेदनों का सत्यापन करना होगा। विशेष परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक थ्योरी पेपर के लिए तीन हजार रुपये शुल्क देना होगा, और जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।
फॉर्म के सत्यापन के बाद ही विद्यार्थियों का प्रोविजनल एडमिट कार्ड जारी होगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म की प्रिंट कॉपी सुरक्षित रखने और परीक्षा से संबंधित अपडेट के लिए डीयू की परीक्षा वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।
