पूर्वी चंपारण में धान अधिप्राप्ति और सहकारिता विभाग की योजनाओं में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राज्य सरकार ने जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रिंस अनुपम सिंह के खिलाफ विभागीय स्तर पर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। सहकारिता विभाग की ओर से जारी सरकारी संकल्प के अनुसार, इन आरोपों की शिकायत पूर्व मंत्री एवं हरसिद्धि के विधायक कृष्णनंदन पासवान ने की थी। शिकायत की जांच के बाद छह अप्रैल 2026 को जांच प्रतिवेदन विभाग को सौंपा गया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कार्यालय निबंधक, सहयोग समितियां, बिहार ने 23 जून 2026 को अधिकारी के विरुद्ध आरोपपत्र गठित कर विभाग को उपलब्ध कराया। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को सक्षम प्राधिकार के अनुमोदन से विभागीय स्तर पर आरोपपत्र गठित किया गया और उनसे लिखित बचाव मांगा गया।
अधिकारी ने छह अगस्त 2026 को अपना लिखित जवाब विभाग को सौंप दिया था। सहकारिता विभाग ने दिए गए लिखित पक्ष और बचाव की समीक्षा की, जिसके बाद सरकार ने उनके लिखित बचाव को अस्वीकार कर दिया। विभागीय संकल्प के अनुसार, बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम 17(5)(क) के तहत अनुशासनिक कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
विभागीय कार्रवाई के संचालन के लिए विकास कुमार बरियार, अपर निबंधक (न्यायिक), सहयोग समितियां, बिहार, पटना को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं शंभुसेन कुमार, संयुक्त निबंधक (योजना), सहयोग समितियां, बिहार, पटना को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्यपाल के आदेश से जारी संकल्प में आरोपपत्र और संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां दोनों अधिकारियों के साथ प्रिंस अनुपम सिंह को भी भेजने का निर्देश दिया गया है।
सरकार के इस फैसले से पूर्वी चंपारण में धान अधिप्राप्ति और सहकारिता विभाग की योजनाओं में कथित अनियमितताओं का मामला फिर चर्चा में आ गया है। बताया जाता है कि जिला सहकारिता पदाधिकारी प्रिंस अनुपम सिंह पर पहले भी कई गंभीर आरोप लगते रहे हैं, हालांकि यह पहली बार है जब उनके विरुद्ध विभागीय स्तर पर अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
