वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों का प्रदूषण नियंत्रण रिपोर्ट कार्ड जारी किया है। 31 अक्तूबर तक के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट में वर्ष 2026 की प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना के तहत तय लक्ष्यों का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पराली प्रबंधन, पार्किंग, बसों, कचरा निस्तारण और ग्रीन शवदाह गृहों के निर्माण में कई राज्यों की रफ्तार धीमी रही है।
पराली से बायोमास पेलेट और ब्रिकेट के इस्तेमाल के लक्ष्य में हरियाणा और पंजाब का प्रदर्शन असंतोषजनक रहा। हरियाणा को 19,66,127.75 टन का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें से राज्य ने अब तक केवल 35 प्रतिशत हासिल किया है। पंजाब ने 22,02,500 टन के लक्ष्य का 53 प्रतिशत पूरा किया है। फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों के मामले में हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश ने 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है, जबकि पंजाब 88 प्रतिशत तक पहुंचा है।
वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में दिल्ली ने अपने 19 केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य पूरा कर लिया है, जबकि हरियाणा को 23 केंद्र बनाने थे, लेकिन रिपोर्ट जारी होने तक वहां एक भी केंद्र स्थापित नहीं हुआ। पार्किंग स्थलों के मामले में दिल्ली को 2026 के अंत तक 266 पार्किंग स्थल बनाने थे, लेकिन अब तक केवल 15 ही बन पाए हैं। हरियाणा ने 79 में से नौ और राजस्थान ने 19 में से चार पार्किंग स्थल बनाए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश ने 24 में से 21 पार्किंग स्थल तैयार किए हैं।
बसों की संख्या बढ़ाने के लक्ष्य में दिल्ली 71 प्रतिशत के साथ आगे है, उत्तर प्रदेश 44 प्रतिशत पर है, हरियाणा आठ प्रतिशत तक पहुंचा है और राजस्थान अब तक शून्य प्रतिशत पर है। ठोस कचरे के निस्तारण की क्षमता बढ़ाने में चारों क्षेत्रों का प्रदर्शन असंतोषजनक रहा। दिल्ली को प्रतिदिन 650 टन कचरे के प्रसंस्करण की अतिरिक्त क्षमता विकसित करनी थी, लेकिन इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। ग्रीन शवदाह गृहों के निर्माण में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में इस साल अब तक एक भी गृह नहीं बन पाया, जबकि इन राज्यों को क्रमशः 49, 196, 53 और 123 गृह बनाने का लक्ष्य दिया गया था। सीएक्यूएम वर्ष 2026 का अंतिम रिपोर्ट कार्ड अगले साल जनवरी में जारी करेगा।