रिपब्लिकन सेना चीफ आनंदराज अंबेडकर ने जालना में पार्टी के 28वें स्थापना दिवस पर महाराष्ट्र सरकार की जल संरक्षण नीति पर सवाल उठाए और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार का नाम लेकर विवाद खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि जहां बारिश ही नहीं हुई, वहां 'पानी रोको, पानी रिचार्ज करो' नीति के तहत पानी रोका कैसे जा सकता है। अंबेडकर ने सफाई दी कि अजित पवार का नाम उन्होंने व्यंग्य के तौर पर लिया था और यह इशारा अप्रैल 2013 के उस विवाद की तरफ था, जब सूखे और खाली बांधों पर बोलते हुए अजित पवार ने विवादित बयान दिया था। उस वक्त देशभर में हंगामा मचा था और अजित पवार को दो बार माफी मांगनी पड़ी थी।

अंबेडकर ने यह भी आरोप लगाया कि महाराष्ट्र का सूखा कुदरती नहीं, बल्कि मैन-मेड है और नेताओं की खराब प्लानिंग की वजह से पैदा हुआ है। उनका सवाल है कि जहां बारिश ही नहीं हुई, वहां पानी रोकने की बात कैसे की जा सकती है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के कई हिस्सों में इस बार बारिश कम हुई है। तालाब सूखे हैं, बांधों में पानी कम है और किसानों को पीने और सिंचाई दोनों के लिए पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी आंकड़ों, IMD और जल संसाधन विभाग के मुताबिक राज्य का 86% से ज्यादा हिस्सा सूखे की चपेट में है, जबकि 310 तालुका सूखाग्रस्त हैं और बांधों में 26% पानी कम है। सोलापुर, बीड, धाराशिव, जालना और यवतमाल में बारिश सबसे कम हुई है, बांध सबसे खाली हैं और किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं।