मेरठ में एक हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने कहा कि जन्म के बाद अस्पताल से छुट्टी से पहले नवजात की कुछ जांचें बेहद उपयोगी होती हैं। उन्होंने बताया कि थायराइड की जांच जन्म के 48 से 72 घंटे के बीच करा लेनी चाहिए। समय पर थायराइड हार्मोन की कमी पकड़ में आने और इलाज होने से बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास को नुकसान से बचाया जा सकता है। बच्चे का ब्लड ग्रुप अलग से जांचने की जरूरत नहीं होती, लेकिन यदि मां आरएच निगेटिव या ओ ब्लड ग्रुप की हो तो बच्चे के ब्लड की जांच करानी चाहिए, जिससे पीलिया के जोखिम से बचा जा सके। इसके साथ ही सुनने की क्षमता (ओएई) और हृदय की जांच (एसपीओ-2) भी जरूरी बताई गई। उन्होंने कहा कि कई बार बच्चों के दिल में छेद होते हैं, जो उम्र के साथ बड़ी समस्या बन जाते हैं।

कार्यक्रम में डॉ. उपाध्याय ने फोन पर लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने नवजात को पीलिया और संक्रमण से बचाने के लिए उचित देखभाल पर जोर दिया और कंगारू मदर केयर तथा टीकाकरण को बच्चों के स्वास्थ्य में सहायक बताया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चार दिन की बच्ची की आंखें और चेहरा पीला दिखने पर केवल धूप दिखाना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि नवजात में पीलिया गंभीर हो सकता है; जांच और सही इलाज के लिए डॉक्टर को दिखाना चाहिए। नाभि पर घी या हल्दी न लगाने की सलाह देते हुए उन्होंने इसे सूखा और साफ रखने तथा सूजन या बदबू आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाने को कहा। उन्होंने बच्चे को तकिए के साथ करवट या पेट के बल सुलाना असुरक्षित बताया और समतल, सख्त गद्दे पर बिना तकिए के केवल पीठ के बल सुलाने की सलाह दी।

डॉ. उपाध्याय ने बताया कि प्री-मैच्योर और कम वजन वाले बच्चों के इलाज में स्किन टू स्किन कांटैक्ट यानी कंगारू मदर केयर का अहम रोल है। मां की छाती पर बच्चे को लिटाने से मां के तापमान के साथ बच्चे का तापमान संतुलित रखने में मदद मिलती है और सीधे फीडिंग कराई जा सकती है। इससे निमोनिया, डायरिया, हाइपोथर्मिया और हाइपोग्लाइसीमिया का जोखिम कम हो जाता है। नवजात मृत्यु दर पर उन्होंने कहा कि प्रति हजार जन्म लेने वाले बच्चों में मृत्यु दर का राष्ट्रीय औसत करीब 18 है और उत्तर प्रदेश में यह 22 से 24 के बीच है। पिछले 20 सालों में मृत्युदर 40 प्रतिशत कम हुई है और 2030 तक राष्ट्रीय औसत मृत्युदर को 12 तक लाने का लक्ष्य है, लेकिन उत्तर प्रदेश में स्थिति चिंताजनक है। बड़ा राज्य होने के कारण सभी जगह एनआईसीयू जैसी सुविधाएं विकसित नहीं हो सकी हैं, जिससे नवजात को तुरंत इलाज की सुविधा नहीं मिल पाती। मृत्युदर कम करने के लिए संस्थागत प्रसव 100 प्रतिशत करने, हाई रिस्क गर्भवती के प्रसव एनआईसीयू वाले संस्थान में कराने और एंबुलेंस में न्यू बोर्न के अनुसार सुविधाएं देने पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई।

टीकाकरण पर उन्होंने कहा कि स्थिति बेहतर है और इंद्रधनुष तथा आशा कार्यकर्ता की पहल से टीकाकरण का ग्राफ बढ़ा है, जिससे कई बीमारियों से बचाव हुआ है। सरकारी अस्पताल में लगने वाले सभी टीके लगवाने के अलावा वायरल संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए बच्चों को फ्लू की वैक्सीन और आरएसवी से बचाने का टीका भी लगवाना चाहिए।