गुरुग्राम के सेक्टर 65 थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर खाली पड़ी जमीन पर बने एक जर्जर और सूखे टैंक में एक व्यक्ति का शव मिला। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की हत्या कर शव को टैंक में फेंका गया हो सकता है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार, यह सीवरेज टैंक काफी दिनों से बंद पड़ा है और जर्जर अवस्था में है। टैंक गहरा है और सूखा पड़ा है। आसपास खाली जमीन और सूनसान इलाका होने के कारण यहां लोगों का आना-जाना कम रहता है। रविवार दोपहर यहां से गुजर रहे कुछ लोगों को टैंक के पास से बदबू आई। शक होने पर लोगों ने पास जाकर देखा तो अंदर शव पड़ा हुआ था। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सेक्टर 65 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल और अन्य टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक शव कुछ दिन पुराना है और शव के कुछ हिस्सों से खून निकला हुआ था।

पुलिस जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत टैंक में गिरने से हुई है या उसे मारकर यहां फेंका गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। सेक्टर 65 थाना पुलिस ने बताया कि कई एंगल पर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।