सोनपुर मेले के क्राफ्ट ग्राम में खादी और ग्रामोद्योग की जीवंत प्रदर्शनी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फूस की झोपड़ियों और सजे स्टॉलों के बीच कारीगर चरखे, तकली और सूत कातने की मशीनों पर कताई का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग रुक रहे हैं।
क्राफ्ट ग्राम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग तथा खादी बोर्ड, पटना से प्रमाणित संस्थाओं ने स्टॉल लगाए हैं। इनमें महुआ, वैशाली की खादी ग्रामोद्योग विकास संस्थान और हाजीपुर, वैशाली की तिसीऔता ग्रामोदय सहयोग समिति लिमिटेड प्रमुख हैं। दोनों संस्थाओं की ओर से सूत कातने और खादी वस्त्र निर्माण की जीवंत प्रदर्शनी लगाई गई है। प्रदर्शनी स्थल पर लाल कालीन पर कताई की मशीनें रखी गई हैं, जिन पर सफेद सूत के बड़े-बड़े गोले लगे हैं। कारीगरों के हाथों से धागा निकलते देख दर्शक उत्सुकता से पूरी प्रक्रिया देखते हैं और कताई-बुनाई की बारीकियों के साथ खादी के महत्व की जानकारी भी ले रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य नई पीढ़ी को खादी से जोड़ना और ग्रामीण कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि गांधी जी के स्वावलंबन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की पहचान है। इस जीवंत प्रदर्शन के जरिए लोग समझ पा रहे हैं कि साधारण धागे से किस तरह सुंदर और टिकाऊ कपड़ा तैयार किया जाता है।
क्राफ्ट ग्राम घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि मशीनों पर सूत की कताई और खादी उत्पादों को तैयार होते देखना अपने आप में अनूठा अनुभव है। बच्चे हों या बुजुर्ग, सभी इस प्रदर्शनी में रुचि ले रहे हैं। खादी के स्टॉलों पर वस्त्रों, चादरों और अन्य हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी भी हो रही है। मेले में खादी की यह प्रस्तुति परंपरागत शिल्प की प्रासंगिकता को सामने ला रही है और दिखा रही है कि आधुनिक दौर में भी खादी और ग्रामीण कारीगरी के प्रति लोगों की रुचि बनी हुई है।
