भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में जर्जर घोषित 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रविवार को अवकाश के दिन हुई विशेष सुनवाई में व्यापक ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की एकलपीठ के समक्ष मामले की सुनाई हुई। अदालत ने याचिकाकर्ता मोहम्मद हफीज खान के कब्जे वाले क्वार्टर क्रमांक ईडब्ल्यूएस-465 पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है। शेष परिसर में सोमवार से प्रस्तावित ध्वस्तीकरण कार्रवाई जारी रखने का रास्ता खुला रहेगा।

याचिका में बताया गया कि संबंधित भवन का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ था और जर्जर स्थिति के आधार पर हाउसिंग बोर्ड तथा नगर निगम ने संयुक्त रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है। सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड ने बताया कि परियोजना के तहत 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे, जिनमें से 110 का ही आवंटन हो सका, जबकि शेष पर अतिक्रमण है। भवनों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण के लिए वर्ष 2016 से नोटिस जारी किए जा रहे हैं और रहवासियों को शिविर लगाकर कार्रवाई की जानकारी दी गई है।

हाउसिंग बोर्ड ने न्यायालय को बताया कि पूरे परिसर के पुनर्निर्माण की योजना प्रस्तावित है। वैध आवंटियों को उनके वर्तमान कब्जे के अतिरिक्त 20 प्रतिशत निर्माण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया गया है। निर्माण पूरा होने और पुनः कब्जा सौंपे जाने तक वैकल्पिक आवास के लिए कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर के अनुसार किराया देने की बात कही गई है।

याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि कलेक्टर द्वारा 1200 से 1500 रुपये प्रतिमाह किराये का प्रस्ताव दिया जा रहा है, जो संबंधित क्षेत्र में प्रचलित किराये से काफी कम है। इस पर याचिकाकर्ता ने किराया अंतिम रूप से निर्धारित होने तक अपने क्वार्टर का ध्वस्तीकरण रोकने की मांग की। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि हाउसिंग बोर्ड याचिकाकर्ता और कलेक्टर के साथ बैठक कर किराया निर्धारित करेगा तथा इसकी सूचना आवंटी को देगा। न्यायालय ने पक्षकारों के बयानों और परिस्थितियों को देखते हुए क्वार्टर क्रमांक ईडब्ल्यूएस-465 के ध्वस्तीकरण पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी।