तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मेला क्षेत्र में पुलिस बल चप्पे-चप्पे पर तैनात है और घाटों से लेकर बाजार व प्रमुख मार्गों तक लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। पुलिस के साथ पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट रखा गया है। मेले में हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और सभी पुलिस चौकियों को वायरलेस नेटवर्क से जोड़ा गया है, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके।

मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच मोबाइल नेटवर्क की समस्या से निपटने के लिए मेला क्षेत्र में दो टावर भी लगाए गए हैं। मेला कोतवाली में बने कंट्रोल रूम से पुलिसकर्मी कैमरों की फुटेज पर लगातार नजर रख रहे हैं। ड्रोन के जरिए भीड़भाड़ वाले स्थानों और गंगा घाटों की निगरानी की जा रही है।

एसपी लखन सिंह यादव के नेतृत्व और कंट्रोल रूम प्रभारी रामनिवास सिंह के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है। बीबीडीएस, डाग स्क्वाड समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी मुस्तैद हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने के लिए गोताखोर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और घाटों पर महिला पुलिसकर्मी भी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

बाजारों और प्रमुख स्थानों पर घुड़सवार पुलिस गश्त कर रही है। सदर चौक समेत प्रमुख बाजारों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही तिगरी द्वार के पास बैरियर लगाकर मेले में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।