हरिद्वार गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए अमरोहा में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। हसनपुर और मंडी धनौरा तहसील के 52 गांवों के करीब 900 किसानों से जमीन ली जाएगी। शासन ने इसके लिए 2100 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध करा दी है। दोनों तहसीलों में एक-एक किसान से सहमति लेकर बैनामा कराया गया है और अधिकारियों ने आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण पूरा हो चुका है। अब सरकार अमरोहा से हरिद्वार तक इसके विस्तारीकरण पर काम कर रही है, जिससे 147 किलोमीटर की दूरी कम करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत हसनपुर तहसील क्षेत्र के 17 गांवों के किसानों से 220 हेक्टेयर और मंडी धनौरा तहसील क्षेत्र के 35 गांवों के किसानों से 306 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

किसानों को बैनामे पर कोई स्टांप शुल्क नहीं देना होगा। यह शुल्क उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) द्वारा जमा किया जाएगा।

इस बीच, हरिद्वार एक्सप्रेसवे के लिए चार गुना मुआवजे की मांग पर किसान अड़े हुए हैं और बैनामों को लेकर हलचल बढ़ी हुई है।