प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भाजपा के राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू को समन भेजकर 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला पंजाब की कंपनी व्यूनो से जुड़ा है, जिस पर निवेशकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। 57 वर्षीय संधू मोहाली स्थित एक निजी विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, के कुलाधिपति भी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि संधू को पहले 12 नवंबर को ईडी के सामने पेश होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह उस दिन नहीं पहुंचे। अब उन्हें 25 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। संधू की ओर से इस मामले में तुरंत कोई जवाब नहीं आया है।
ईडी की जांच व्यूनो नाम की कंपनी से जुड़ी है। आरोप है कि इस कंपनी ने करोड़ों रुपये के 'क्लाउड पार्टिकल घोटाले' को अंजाम दिया, जिसके जरिये आम लोगों की मेहनत की कमाई निकाल ली गई। ईडी का आरोप है कि संधू से जुड़ी कुछ संस्थाओं को व्यूनो ग्रुप की कंपनियों से कुछ रकम मिली थी। अधिकारियों के मुताबिक, संधू से इन पैसों के लेन-देन की जांच के लिए पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये लेन-देन किस तरह के थे और इनका मकसद क्या था। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में संधू की कोई 'सीधी भूमिका' नहीं है।
ईडी इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें व्यूनो ग्रुप के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुखविंदर सिंह खरोर और उनकी पत्नी डिंपल खरोर शामिल हैं। ईडी 2024 से इस मामले की जांच कर रही है। यह जांच धनशोधन रोकथाम कानून और विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून के तहत की जा रही है।