क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला विकेट दूसरे ही ओवर में मिल गया। भारतीय टीम को सबसे ज्यादा परेशान करने वाले ग्लेन फिलिप्स पवेलियन लौटे। पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक लगाने वाले फिलिप्स ने दूसरी पारी में 121 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर मैच ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई थी।

दिन का पहला ओवर जसप्रीत बुमराह ने डाला, जबकि दूसरा ओवर अंशुल कंबोज को दिया गया। कंबोज ने अपनी दूसरी ही गेंद पर फिलिप्स को आउट कर दिया। ऑफ स्टंप से बाहर की ओर स्विंग होती गेंद को फिलिप्स ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। फिलिप्स ने 36 रनों की पारी खेली।

ग्लेन फिलिप्स छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 5 विकेट चटकाए थे और ब्लंडेल के साथ फिलिप्स ने 63 रनों की साझेदारी की थी। 25 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का मैच में यह दूसरा विकेट था। उन्होंने पहले दिन तीसरे नंबर पर उतरे हेनरी निकोल्स का विकेट भी लिया था। इस पारी में उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद से भारत के लिए गेंदबाजी की है।

भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर ग्लेन फिलिप्स का बल्ला लगातार चला है। पहले टेस्ट में शतक लगाने से पहले टी20 सीरीज में भी उन्होंने शतक ठोका था। 5 मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 341 रन बनाए और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस दौरान उनका औसत 113.67 और स्ट्राइक रेट 185 का रहा।