ग्रेटर नोएडा में एक खाली पड़े प्लॉट पर पानी के हजारों रुपये के बिल भेजना ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) को भारी पड़ गया है। दिल्ली के उपभोक्ता आयोग ने इसे अनुचित व्यापार व्यवहार मानते हुए प्राधिकरण को प्लॉट मालिक को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि भविष्य में उपभोक्ता के पानी के बिल वास्तविक खपत के आधार पर तैयार किए जाएं।
मामला दिसंबर 2006 में आवंटित एक प्लॉट से जुड़ा है, जिसका कब्जा मालिक को नवंबर 2010 में मिला था। प्लॉट मालिक का कहना था कि इलाके में आबादी कम होने के कारण उन्होंने वहां रहना शुरू नहीं किया। इसके बावजूद प्राधिकरण ने फरवरी 2011 से पानी का शुल्क लगाना शुरू कर दिया और जुलाई 2015 में पहली बार 14,128 रुपये का बिल जारी किया, जो उन्हें 22 अगस्त 2015 को मिला। शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने 2015 में 14,130 रुपये जमा कर दिए, लेकिन 7 जनवरी 2016 को 19,189 रुपये का एक और बिल जारी किया गया, जिसमें पहले जमा की गई रकम समायोजित नहीं की गई। उन्होंने जुलाई 2016 और मार्च 2019 में कनेक्शन कटवाने के लिए आवेदन भी दिया, फिर भी जून 2020 में 34,193 रुपये का बिल भेजा गया।
GNIDA ने आयोग के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह सरकारी उपक्रम है और नियमों के तहत काम करता है। प्राधिकरण के मुताबिक, 250 वर्ग मीटर से छोटे प्लॉट के लिए मई 2013 तक 150 रुपये प्रतिमाह पानी का शुल्क निर्धारित था और इसी तय दर के आधार पर बिल भेजे गए थे। प्राधिकरण ने यह भी दावा किया कि 31 मार्च 2021 तक प्लॉट मालिक पर 43,167 रुपये बकाया थे और शिकायतकर्ता ने 2015 के बाद कोई भुगतान नहीं किया।
उपभोक्ता आयोग ने अपने फैसले में सवाल उठाया कि पानी के इस्तेमाल की जानकारी जुटाए बिना सभी उपभोक्ताओं से एक समान शुल्क वसूलने का क्या औचित्य है। आयोग ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि पानी का शुल्क वास्तविक खपत से जुड़ा होना चाहिए और इसे टैक्स की तरह नहीं थोपा जा सकता। इसी आधार पर आयोग ने GNIDA की बिलिंग व्यवस्था को अनुचित व्यापार व्यवहार माना और 50 हजार रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया। साथ ही प्राधिकरण को ऐसी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया है जिससे नियमित पानी इस्तेमाल करने वाले और केवल कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं की पहचान अलग-अलग हो सके।
