अमृतसर के गोल्डन टेंपल में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर भव्य सजावट की गई और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जबकि बड़ी संख्या में श्रद्धालु अरदास के लिए और पवित्र सरोवर में स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। गोल्डन टेंपल के आसपास का आसमान आतिशबाजी से जगमगा उठा और पूरा इलाका रोशनी में नहाया नजर आया।

सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का जन्मदिवस हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरु नानक जयंती के रूप में मनाया जाता है। गुरु नानक देव जी ने एक ओंकार, प्रेम, एकता, निस्वार्थ सेवा और समानता का संदेश पूरी दुनिया को दिया था। गुरुपर्व के अवसर पर अमृतसर स्थित भाई वीर सिंह हाल से निकाले गए नगर कीर्तन की अगुवाई पांच प्यारों ने की, जिसमें बड़ी संख्या में संगत शामिल हुई।

इस बीच श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने बीती रात गुरुद्वारा जन्म अस्थान श्री ननकाना साहिब में आयोजित गुरमत समागम में शिरकत की। उन्होंने संगत को श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की गुरबाणी से जुड़ने की प्रेरणा दी। जत्थेदार ने सिंधी समुदाय से संबंधित गुरु नानक नाम लेवा सिख संगत से अपील की कि वे अपनी पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए परिवार के पहले बच्चे को सिख स्वरूप में तैयार करें। उन्होंने कहा कि सिखी की पहचान और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक सिख का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि चढ़ते पंजाब के जिन सिख नौजवानों द्वारा केश कटवाए जाते हैं, उन्हें पाकिस्तान के सिखों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जहां सिख समुदाय कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपनी सिखी को कायम रखे हुए है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रकाश पर्व के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि गुरु नानक देव जी की हमेशा रहने वाली शिक्षाएं इंसानियत को रास्ता दिखाती हैं और उनका संदेश दया, एकजुटता और सबकी भलाई पर आधारित समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी प्रकाश पर्व पर देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं और समानता, सद्भाव, करुणा तथा मानवता की सेवा की उनकी शिक्षाओं को मानने की अपील की।