गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर देशभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने गुरु साहिब को नमन किया और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया को इंसानियत, प्रेम, सच्चाई और आपसी भाईचारे का रास्ता दिखा रही हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और विदेश में रहने वाले भारतीयों को शुभकामनाएं देते हुए लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश पूरी मानवता को एकता के सूत्र में बांधने वाला है। उन्होंने 'इक ओंकार' के संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि समाज में जाति, ऊंच-नीच और किसी भी तरह के भेदभाव की कोई जगह नहीं होनी चाहिए और हर व्यक्ति को बराबर सम्मान मिलना चाहिए। राष्ट्रपति ने 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' की सीख को याद करते हुए लंगर की परंपरा को बराबरी, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी और उनका संदेश दया, आपसी मेलजोल तथा सभी के कल्याण पर आधारित समाज बनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने एक वीडियो संदेश भी साझा किया, जिसमें कहा गया कि गुरु साहिब की बातें पूरी दुनिया के लिए आज भी प्रेरणादायक हैं। 'मोदी आर्काइव' हैंडल से साझा एक वीडियो में कच्छ के लखपत स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण की कहानी दिखाई गई, जो 26 जनवरी 2001 के भूकंप में तबाह हो गया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने दया, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देकर समाज को नई दिशा दिखाई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी ने ईश्वर के प्रति आस्था और सदाचार का मार्ग दिखाया तथा भेदभाव मुक्त समाज, बंधुत्व और नारी सम्मान का संदेश दिया।