कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल के 27 नवंबर के बयान के अनुसार केंद्र सरकार ने अप्रैल 2026 में लोकसभा में पेश मूल परिसीमन विधेयक को वापस लेने का फैसला किया है। इसकी जगह परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाया जा रहा है। बयान में मूल विधेयक वापस लेने की वजह संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को विशेष बहुमत न मिल पाना बताया गया है।

मूल परिसीमन विधेयक 16 अप्रैल 2026 को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक के साथ पेश किया गया था। संविधान संशोधन विधेयक को विशेष बहुमत न मिलने के कारण संबंधित विधेयक आगे नहीं बढ़ पाए थे।

सरकार का कहना है कि नया विधेयक मूल प्रावधानों में पर्याप्त बदलाव करता है, इसलिए नियम 110 के तहत मूल विधेयक वापस लिया जा रहा है। नए विधेयक में लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी एकसमान वृद्धि का प्रस्ताव है और महिला आरक्षण लागू करने के प्रावधान भी जोड़े गए हैं।

सरकार के अनुसार इस प्रावधान से द्रमुक, राकांपा शरद गुट और वाईएसआरसीपी जैसे दलों की शंकाओं का समाधान हो गया है और उनकी ओर से विधेयक को समर्थन के संकेत भी मिले हैं। सरकार अब इस विधेयक को सोमवार से शुरू हो रही संसद की विशेष बैठक में पेश कर सकती है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से होनी है।