गुरुग्राम के गांव घाटा में पाठशाला की आड़ में बच्चों को मतांतरण के लिए प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने प्रबीन को दिल्ली के बुराड़ी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रबीन पैशन मूवमेंट इंटरनेशनल एनजीओ के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था और करीब 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना था। वह एनजीओ में 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहा था और एनजीओ संचालक डॉ. पीटर का रिश्ते में जीजा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि प्रबीन शुरुआत में एनजीओ में साधारण वॉलंटियर के रूप में काम करता था और धीरे-धीरे डॉ. पीटर का विश्वास जीतकर पाठशालाओं की देखरेख और कामकाज संभालने लगा। सूत्रों के अनुसार वह करीब 15 साल पहले मणिपुर से दिल्ली आया था। मुख्य आरोपी डॉ. पीटर फरार है और पुलिस उसकी तथा उसकी पत्नी की तलाश कर रही है। डॉ. पीटर की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम पुलिस दिल्ली पुलिस की मदद ले रही है।

14 नवंबर को गांव घाटा में बच्चों को पढ़ाने के नाम पर संचालित पाठशाला में मतांतरण के लिए प्रेरित करने का मामला सामने आया था। पुलिस ने मौके से मणिपुर और मिजोरम की रहने वाली चार महिलाओं को पकड़ा था, जिनसे पूछताछ के दौरान डॉ. पीटर, उसकी पत्नी और अन्य लोगों की भूमिका सामने आई थी। पूछताछ में घाटा गांव के अलावा दिल्ली के मुंडका इलाके में भी एनजीओ के माध्यम से पाठशाला संचालित किए जाने की जानकारी मिली है। इसी आधार पर गुरुग्राम पुलिस बृहस्पतिवार को मुंडका पहुंची और डॉ. पीटर की तलाश में छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार डॉ. पीटर की गिरफ्तारी के बाद ही एनजीओ के गठन, फंडिंग के स्रोत, खर्च और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आएगी। प्रारंभिक जांच में घाटा गांव में कार्यरत वॉलंटियरों से जुड़े करीब 65 हजार रुपये के लेन-देन की जानकारी मिली है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि एनजीओ को पैसा कहां से मिलता था, उसका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाता था और अब तक कितने लोगों को इस नेटवर्क के माध्यम से मतांतरण के लिए प्रेरित किया गया। एनजीओ के एफसीआरए के तहत पंजीकृत नहीं होने की जानकारी भी सामने आई है।