हल्द्वानी में मतदाता सूची से 28 लोगों के नाम हटवाने के लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए)-2 की पहचान का दुरुपयोग कर ऑनलाइन फर्जी फॉर्म-7 दाखिल किए जाने का मामला सामने आया है। इंद्रनगर निवासी इकराम अली विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अपने बूथ पर बीएलए-2 के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनुसार 20 अगस्त को संबंधित बीएलओ से जानकारी मिली कि 12 अगस्त को निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उनके नाम से भाग संख्या 134 के 28 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-7 जमा किए गए थे। इकराम अली का कहना है कि उन्होंने किसी मतदाता का नाम हटाने के लिए आवेदन नहीं किया था और न ही किसी को अपनी पहचान इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी।

शिकायतकर्ता ने निर्वाचन अधिकारियों को शपथपत्र के साथ लिखित शिकायत दी। इसके बाद 24 अगस्त को बनभूलपुरा थाने और 29 अगस्त को तत्कालीन एसएसपी को प्रार्थना पत्र भेजा गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 175(3) के तहत न्यायालय की शरण ली। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम हल्द्वानी ने छह अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के आदेश दिए।

पुलिस ने आदेश के विरुद्ध पुनरीक्षण याचिका दाखिल कर स्थगन मांगा, लेकिन 30 अक्टूबर को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सुजीत कुमार की अदालत ने याचिका खारिज कर दी। इसके बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत नहीं की। न्यायालय के आदेश के बाद भी पुलिस 52 दिन तक प्राथमिकी दर्ज करने से बचती रही। अब दोनों अधिकारियों के तबादले और नए एसएसपी के चार्ज लेते ही शुक्रवार को बनभूलपुरा थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक बबिता मेहरा को सौंपी गई है।

एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी में देरी किस स्तर से हुई, इसकी जांच की जाएगी।