हरियाणा में दिन की धूप से राहत मिल रही है, लेकिन रात होते ही ठंड बढ़ रही है। गुरुग्राम में रात का तापमान गिरकर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते सुबह और रात के समय लोगों को सावधानी बरतनी होगी। यलो अलर्ट पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और बल्लभगढ़ सहित कई जिलों के लिए जारी किया गया है।
प्रदेश में प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। देश के सर्वाधिक एक्यूआई वाले टॉप-10 शहरों की सूची में हरियाणा के सात शहर शामिल हैं। बल्लभगढ़ 337 एक्यूआई के साथ देश में पहले स्थान पर है, जबकि सिरसा 323 एक्यूआई के साथ दूसरे स्थान पर है। गुरुग्राम 315 एक्यूआई के साथ चौथे और पंचगांव 307 एक्यूआई के साथ पांचवें स्थान पर है। हिसार का एक्यूआई 298 दर्ज किया गया है। इसके अलावा सोनीपत, धारूहेड़ा और भिवानी भी देश के प्रदूषित शहरों में शामिल हैं।
दिन में धूप निकलने के बावजूद हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर अधिक महसूस हो रहा है। ऐसे में सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम में बदलाव और कोहरे की संभावना के बीच प्रदूषण की दोहरी मार लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
