छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जीएसटी की सहायक आयुक्त आंचला गिरी को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने ACB की टीम को देखकर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की रकम घर के बाहर नाली में फेंक दी, जिसे टीम ने बरामद कर लिया। मामले में सीए इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।

ACB के डीएसपी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय संयुक्त टीम ने अधिकारी के निवास पर कार्रवाई की। अधिकारी के घर पर आय से अधिक संपत्ति के संदेह में भी तलाशी ली जा रही है।

शिकायत कारोबारी शोएब रंगरेज ने की थी। उनका आरोप है कि ई-वे बिल के मामले में उनका ट्रक रोके जाने के बाद उसे छुड़ाने और जीएसटी प्रकरण में राहत देने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई थी। आरोप है कि रकम सीए इमरान मेमन के माध्यम से देने को कहा गया था और मांग पूरी न करने पर चालानी कार्रवाई की धमकी दी गई थी।

शोएब ने रिश्वत मांगने से जुड़े साक्ष्यों के साथ ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और कार्रवाई को अंजाम दिया।