रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में कहा कि केंद्र से मिलने वाला अनुदान राज्य का अधिकार है और केंद्र सरकार को इसे देना ही होगा। उन्होंने कहा कि समय पर अनुदान न मिलने के कारण राज्य सरकार ने अपने राजस्व के स्रोत विकसित किए और उन्हीं के जरिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सीएम का इशारा मंइयां सम्मान योजना की ओर था।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि एमएमडीआर कानून के प्रविधानों का इस्तेमाल राज्य के आर्थिक संसाधनों को सीमित करने के औजार के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खनन से प्रभावित क्षेत्रों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई के लिए क्षतिपूर्ति राशि वसूलती रही है और सही तरीके से किए गए खनन में भी उसके प्रभावों की क्षतिपूर्ति का अधिकार राज्य को है। उनके अनुसार, यदि कंपनियां न्यायालय जाती हैं तो उन्हें और अधिक क्षतिपूर्ति देनी पड़ सकती है।

मुख्यमंत्री ने सदन में केंद्र की एसआईआर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र ने एसआईआर पर बड़ी चतुराई से काम किया है और चुनाव आयोग को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने कहा कि जब चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर सवाल किया जाता है तो कोई जवाब देने को तैयार नहीं होता।

सीएम ने बताया कि एसआईआर के तहत 63 लाख लोगों को नोटिस दिया गया है और इस पूरी प्रक्रिया का आर्थिक बोझ भी आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।