पिछले एक दशक में ग्लोबल वार्मिंग, ब्लैक कार्बन और धूल के कणों के असर से हिमालय की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ा है। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार एक दशक पहले तक नैनीताल, मुक्तेश्वर और रामगढ़ से हिमालय का बड़ा क्षेत्र बर्फ से ढका सफेद चमकता नजर आता था, जो अब नहीं दिखता। ऊंची चोटियों पर बर्फ बची है, जबकि निचले हिस्से बर्फ के बिना काले नजर आने लगे हैं। इसकी बड़ी वजह बर्फ का जल्दी पिघलना है।

ग्लेशियर हर वर्ष औसतन 20 मीटर पीछे खिसक रहे हैं, जबकि तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि चिंता का विषय है। कुछ ग्लेशियर प्रतिवर्ष 30 से 40 किमी तक पीछे खिसकते देखे गए हैं। हिमालय को दूषित करने में ब्लैक कार्बन बड़ा कारण है, वहीं हजारों किमी दूर से आने वाले धूलभरे तूफान भी इसे प्रभावित करते हैं। धूल के कण बर्फ की ऊपरी परत को ढक देते हैं, जिससे सूर्य की किरणें परावर्तित होने की जगह अवशोषित हो जाती हैं और हिमालय के तापमान में वृद्धि होती है।

डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार जंगलों की आग के कारण पहुंचे एरोसोल भी हिमालय की हवा खराब करने में जिम्मेदार हैं। एरोसोल मौसमी समस्या है, जो वर्षा के साथ समाप्त हो जाते हैं, मगर जंगलों की आग के साथ इनका प्रदूषण हिमालय की वादियों को अपने आगोश में ले लेता है। उन्होंने कहा कि हिमालय का प्रदूषण की चपेट में आना बेहद चिंता का विषय है और इसे प्रदूषण मुक्त रखने के लिए ठोस नीतियां बनाई जानी चाहिए। सभी को हिमालय की संवेदनशीलता समझनी होगी, तभी सार्थक नतीजे सामने आ सकेंगे।

एरीज पर्यावरण और वायुमंडलीय क्षेत्र में अत्याधुनिक उपकरणों के जरिए निरंतर अध्ययन करता है, जिनमें लिडार, एसटी रडार, ट्रेस गैस एनालाइजर, एथेलोमीटर, नेफेलोमीटर, एरोसोल पार्टिकल स्पेक्ट्रोमीटर, मौसम विज्ञान टावर, ओजोनसॉन्ड, रेडियोसॉन्ड और सन स्काई रेडियोमीटर आदि शामिल हैं। इनसे एरोसोल, ब्लैक कार्बन, ओजोन और मौसम संबंधी अध्ययन किए जाते हैं।