आइआइटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में शनिवार को फास्टट्रैक कोर्ट (प्रथम) में सुनवाई नहीं हो सकी। न्यायाधीश कुलदीप सिंह की न्यायिक कार्य में व्यस्तता के चलते सुनवाई टल गई और अदालत ने अगली तारीख 23 नवंबर मुकर्रर की है।

दो आरोपितों कुणाल पांडेय व सक्षम पटेल की ओर से उनके अधिवक्ता अजय सिंह व राजीव रंजन सिंह अपना पक्ष रख रहे हैं। बहस पूरी न होने पर अदालत ने पहले 21 नवंबर की तारीख तय की थी। मामले में एक अन्य आरोपित आनंद चौहान की ओर से श्रीनाथ त्रिपाठी अपना पक्ष रख चुके हैं। तीनों आरोपित फिलहाल जमानत पर हैं।

प्रकरण के अनुसार, बीएचयू परिसर में दो नवंबर 2023 की रात आइआइटी की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। पुलिस विवेचना के दौरान कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान व सक्षम पटेल का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद लंका पुलिस ने तीनों को जेल भेजा था।