यूपी चुनावों के लिए सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर चल रही तकरार के बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी जाएंगी तो नतीजा भी शून्य ही रहेगा। मसूद ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी की वजह से सपा 37 सीटें जीत पाई थी। उन्होंने सपा से सीट बंटवारे में अधिक उदारता दिखाने की मांग की।
मसूद ने कहा कि हम यह नहीं कह रहे कि आपका कोई योगदान नहीं था, लेकिन हमने भी जीत हासिल की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या हर बार कांग्रेस को ही बड़ा दिल दिखाना होगा। उन्होंने सपा से कहा कि अगर वह इन सीटों पर खुद चुनाव लड़कर जीतने का दावा करती है तो आगे बढ़कर ऐसा करके दिखाए।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि मुझे चारों तरफ से घेरकर विलन साबित करने की कोशिश की जा रही है, जबकि वह सिर्फ अपनी पार्टी के हित की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को हटाने की जिम्मेदारी सिर्फ उनके कंधों पर नहीं है। मसूद ने कहा कि 2022 में मुसलमानों ने एकतरफा वोट डाला था, फिर हार क्यों हुई, इसकी जिम्मेदारी भी सपा पर अधिक है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 26 सीटें दी गई हैं और उनका नतीजा भी सपा को ही उठाना पड़ेगा। मसूद ने कहा कि उन्होंने गुणवत्ता और मात्रा, दोनों की बात कही थी और पार्टी के हित के लिए वह अपनी जान भी कुर्बान कर देंगे।
