भारत को वर्ष 2027 के लिए एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य चुना गया है। ट्रैवल प्लस लीजर पत्रिका ने भारत को 2027 का पर्यटन गंतव्य बनाया है। वहीं, लोनली प्लैनेट की दुनिया की 50 बेहतरीन घूमने की जगहों की सूची में गुजरात और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग को जगह मिली है। इस सूची में कुल 50 नाम हैं, जिनमें 25 पर्यटन स्थल और 25 यात्रा अनुभव शामिल हैं। माना जा रहा है कि इससे भारत के पर्यटन क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

इन जगहों को केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और अनोखे यात्रा अनुभवों के लिए भी चुना गया है। गुजरात की पहचान कच्छ के सफेद रण, गिर के शेर, ऐतिहासिक धरोहरों और पारंपरिक हस्तशिल्प से है। दार्जिलिंग हिमालय के नजारों, चाय के बागानों और ऐतिहासिक टॉय ट्रेन के लिए जाना जाता है। यहां की 88 किलोमीटर लंबी नैरो गेज रेललाइन 1879 से 1881 के बीच बनी थी और 1999 में यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर का दर्जा दिया था। इसे 2027 के 25 प्रमुख यात्रा अनुभवों में भी शामिल किया गया है।

देश के भीतर भी घूमने वालों की संख्या बढ़ रही है। वर्ष 2024 में करीब 2.95 अरब घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं, जो 2023 के मुकाबले 17.5 फीसदी अधिक थीं। हालांकि, बढ़ती संख्या से गोवा जैसे लोकप्रिय स्थलों पर भीड़ और पर्यावरण पर दबाव बढ़ रहा है। इसके मद्देनजर स्थानीय समुदायों से जुड़े पर्यटन को बढ़ावा देने और कम चर्चित जगहों को सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है।