प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने दो दिवसीय दौरे के दौरान कनेक्टिविटी, व्यापार, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में 19 महत्वपूर्ण नतीजों की घोषणा की। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत की ओर से नेपाल को दिया गया 15 हजार करोड़ रुपये का पैकेज अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय सहायता पैकेज है, जिसमें 11,500 करोड़ रुपये की रियायती ऋण सुविधा और 3,500 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता शामिल है। यह राशि मुख्य रूप से ऊर्जा परियोजनाओं और नेपाल में इस साल आई प्राकृतिक आपदाओं के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में खर्च होगी।

दोनों नेताओं ने अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलने वाली साप्ताहिक यात्री ट्रेन सरयू-कमला एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई। इसके रास्ते में गोरखपुर, बस्ती, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर जैसे प्रमुख स्टेशन आएंगे। साथ ही रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे को पूरा करने की घोषणा की गई। उत्तराखंड के धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले नए मोटर योग्य सीमा पुल का उद्घाटन किया गया और बनबसा में नए एकीकृत चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई।

व्यापार को आसान बनाने के लिए भारत ने नेपाल को गुजरात के दीनदयाल बंदरगाह (कांडला) और ओडिशा के पारादीप बंदरगाह तक पहुंच देने पर सहमति जताई। मिस्री के मुताबिक, कांडला बंदरगाह के जरिए नेपाल के ट्रांजिट कार्गो को सुविधा दी जाएगी, जबकि जरूरी बुनियादी ढांचे का काम पूरा होने के बाद पारादीप बंदरगाह तक भी पहुंच उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा और कृषि क्षेत्र में भारत नेपाल में IIT का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने की दिशा में काम करेगा और चितवन में एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क बनाने पर सहमति बनी।

ऊर्जा सहयोग के तहत 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई, मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया और सिलिगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन योजना के तहत झापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। दौरे के दौरान दोनों देशों ने आठ समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया और एक साझा विजन डॉक्यूमेंट जारी किया, जिसे आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करने वाला रोडमैप माना जा रहा है। मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेन शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा थी और मोदी के साथ यह उनकी पहली आमने-सामने की मुलाकात भी थी।