भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार से शुरू हो रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले के लिए वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में तैयार है। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को कहा कि टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए इनमें से चार का चयन करना एक अच्छी चुनौती है। गिल के संकेतों के अनुसार जसप्रीत बुमराह के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाश दीप को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है, जबकि मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है।
स्टेडियम की एक तरफ पहाड़ और दूसरी ओर खुला आसमान होने के कारण यहां तेज हवाएं चलती हैं। वेंस छोर से हवा तेज गेंदबाजों की मदद करती है, लेकिन स्कोर बोर्ड छोर से यही हवा उन्हें परेशान करती है और गेंद पर नियंत्रण बनाने में दिक्कत होती है। इसी को देखते हुए भारतीय गेंदबाजों ने हवा के विरोध में गेंदबाजी करने का अभ्यास किया है। मेजबान टीम ने हरी पिच तैयार की है। गिल ने कहा कि यहां तीसरे दिन से पिच सपाट हो जाती है, इसलिए ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो गेंद को पिच पर अच्छी तरह पटक सके।
विकेटकीपर ऋषभ पंत को लेकर किसी तरह की दुविधा नहीं है। गिल ने कहा कि पंत ने 50 टेस्ट खेले हैं और दुनिया भर में रन बनाए हैं। लगभग डेढ़ महीने से कोई मैच न खेलने के बावजूद टीम प्रबंधन फिट होकर आए पंत को सीधे उतारने को तैयार है। टी20 सीरीज 3-2 और वनडे सीरीज 3-1 से जीतने वाली भारतीय टीम के लिए डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने के लिहाज से ये दोनों मैच जीतना जरूरी है।
न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। सीमित ओवरों की टीम के कप्तान और स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर भारत के खिलाफ पांचवें वनडे में दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को टॉम लाथम की अगुआई वाली टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। फॉक्सक्रॉफ्ट ने मई में आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। दोनों टीमों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने पर भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में दोनों टीमें शामिल हुईं।
