अमेरिका में करीब 18 साल बिताने के बाद टेक इंजीनियर बालाजी गुरुराजन और उनकी पत्नी ने सिलिकॉन वैली की अच्छी नौकरी छोड़कर भारत में बसने का फैसला किया है। 44 वर्षीय गुरुराजन ने जून में सैन फ्रांसिस्को बे एरिया छोड़ा और बेंगलुरु आ गए। उनका कहना है कि बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए भारत से अच्छी जगह कोई नहीं हो सकती।

तमिलनाडु में जन्मे और पले-बढ़े गुरुराजन ने ग्रेजुएशन के बाद बेंगलुरु में विप्रो और फिर फिलिप्स में नौकरी की। इसके बाद वे अमेरिका पहुंचे और करीब एक साल बाद माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ने का उनका सपना पूरा हुआ। माइक्रोसॉफ्ट, लिंक्डइन और मेटा में आईटी पेशेवर के तौर पर काम कर चुके गुरुराजन ने बताया कि अमेरिका में शाकाहारी होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट में काम के दौरान उनकी शादी हुई। बायोटेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री रखने वाली उनकी पत्नी भी बाद में वहां नौकरी करने लगीं। बेहतर अवसरों के लिए दोनों बे एरिया चले गए और क्यूपर्टिनो में घर खरीदा। इसके बाद उन्हें ग्रीन कार्ड और अमेरिकी नागरिकता मिली।

गुरुराजन कहते हैं कि अमेरिका में बच्चों की परवरिश उनके अपने बचपन से बिल्कुल अलग थी। वे चचेरे भाई-बहनों और रिश्तेदारों के बीच पले-बढ़े थे, जबकि अमेरिका में पारिवारिक ढांचा गायब था। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी जिंदगी में परिवार को पर्याप्त समय देना मुश्किल हो रहा था और भारत लौटने का विचार हमेशा उनके दिमाग में रहता था। उनके 6 और 14 साल के दो बच्चे हैं, जो अमेरिका में पैदा हुए और भारत को केवल छुट्टियों में कुछ हफ्तों के लिए देखा था। आखिरकार उन्होंने अपना घर किराये पर उठाया और फर्नीचर व अन्य सामान बेचकर बेंगलुरु आ गए।

गुरुराजन का कहना है कि वे चाहते थे कि बच्चे बड़े परिवार और अपनी संस्कृति को करीब से महसूस करें, ताकि दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी जड़ों से जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि बच्चे दादा-दादी, नाना-नानी, चचेरे भाई-बहनों और चाचा-चाची के साथ समय बिताने से वंचित रह रहे थे। इस फैसले को कुछ लोगों ने बेवकूफी भरा बताया, लेकिन गुरुराजन कहते हैं कि बच्चों को अपने देश के परिवेश में बड़े होते देखना सुकून देता है। उन्होंने कहा कि वे परिवार के साथ रहने के लिए भारत वापस आए हैं और यहीं अपना घर बसाएंगे।