मुंबई पुलिस अब अपराधियों तक पहुंचने और अपराधों की कड़ियां जोड़ने के लिए एआई की मदद लेगी। इसके लिए ‘प्रत्यंचा’ नाम का एक विशेष फ्यूजन सेंटर शुरू किया गया है। यहां पुलिस और दूसरी सरकारी एजेंसियों के पास मौजूद अलग-अलग जानकारियों को एक जगह लाकर एआई के जरिए उनका विश्लेषण किया जाएगा। इससे अलग-अलग इलाकों में हुए अपराधों के बीच छिपे संबंधों का पता लगाने, एक ही गिरोह के अलग-अलग मामलों में शामिल होने की जानकारी जुटाने और अपराधियों तक तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी। मुंबई पुलिस के 50 हजार से अधिक अधिकारी और कर्मचारी भी एक डिजिटल मंच पर जुड़ेंगे।

मेगासिटी पुलिसिंग योजना के दूसरे चरण के तहत पुलिस के कामकाज से लेकर अपराधों की जांच और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं तक को तकनीक से जोड़ने की तैयारी की गई है। मुख्यमंत्री और राज्य के गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मलबार हिल स्थित सह्याद्री अतिथिगृह में इन प्रकल्पों का लोकार्पण किया। पुलिस प्रवक्ता डीसीपी राज तिलक रौशन ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से पुलिस का कामकाज अधिक तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।

प्रत्यंचा का मतलब धनुष की डोरी होता है। जिस तरह धनुष की डोरी अलग-अलग हिस्सों को जोड़कर ताकत पैदा करती है, उसी तरह यह सेंटर अलग-अलग जगहों पर मौजूद जानकारियों को एक साथ जोड़ेगा। कई बार किसी अपराध से जुड़ी जानकारी एक थाने में होती है, जबकि उससे जुड़ा दूसरा सुराग किसी अन्य थाने या सरकारी एजेंसी के पास होता है, जिसे जोड़ने में काफी समय लग जाता है। प्रत्यंचा में उपलब्ध जानकारियों का एआई की मदद से विश्लेषण किया जाएगा, ताकि अपराधों के बीच समानता, आरोपियों के संपर्क, गिरोहों के काम करने के तरीके और दूसरे छिपे संबंधों का पता लगाया जा सके। इसका इस्तेमाल पुराने अपराधों की जांच के साथ-साथ अपराधों को रोकने की रणनीति बनाने में भी किया जा सकेगा।

इसके अलावा कई अन्य प्रकल्प भी शुरू किए गए हैं। नागरिकों के लिए ‘सिटिजन’ ऐप शुरू किया गया है, जिसके जरिए लोग आपात स्थिति में एसओएस सहायता मांग सकेंगे और पुलिस से जुड़ी सेवाओं व जरूरी अनुमतियों के लिए मोबाइल से आवेदन कर सकेंगे। पुलिसकर्मियों की असली पहचान सुनिश्चित करने के लिए एनएफसी और क्यूआर कोड वाला ‘डिजीआईडी’ स्मार्ट पहचान पत्र शुरू किया गया है। विभागीय कामकाज को डिजिटल बनाने के लिए मुंबई पुलिस इंटीग्रेटेड सिस्टम और सुरक्षित संवाद के लिए ‘संवाद’ ऐप भी शुरू किया गया है। योजना के तहत पुलिसकर्मियों को 50 हजार टैबलेट उपलब्ध कराने, एक सुरक्षित डेटा सेंटर तैयार करने, 490 से अधिक कार्यालयों को नेटवर्क से जोड़ने और करीब एक करोड़ पन्नों के पुराने रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने की योजना है। नशे से जुड़े अपराधों की जांच के लिए एंटी नार्कोटिक्स इन्वेस्टिगेशन एंड फॉरेंसिक वैन भी शुरू की गई है, जिससे पुलिस घटनास्थल पर ही संदिग्ध पदार्थों की शुरुआती जांच कर सकेगी।