एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसेन हुआंग पर कर्मचारियों को बार-बार अपमानित करने, धमकाने और हिंसक भाषा इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के हवाले से इन आरोपों का जिक्र किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग करीब दो दशक तक मीटिंग्स में मैनेजर्स को उनकी टीम के सामने डांटते और धमकाते रहे। एक घटना में उन्होंने कमरे में घूमकर मैनेजर्स से कहा कि वे उन्हें मार डालेंगे। 70 साल के एक कर्मचारी से उन्होंने कहा कि वे बहुत बूढ़े हैं और सब चाहते हैं कि वे मर जाएं। एक कर्मचारी से कहा गया कि उनकी मां को गर्भपात कराना चाहिए था। दूसरे को धमकाया गया कि उनका सिर काट दिया जाएगा और दिमाग पर पेशाब कर दिया जाएगा। एक अन्य मौके पर कहा गया कि दोनों बाजू उखाड़कर उन्हें पीट-पीटकर मार डाला जाएगा। गुस्से में उन्होंने एक एक्जीक्यूटिव पर पानी की बोतल भी फेंकी थी।
दो साल पहले एक चैट में खुद हुआंग ने कहा था कि वे खुद को महान बनाने के लिए टॉर्चर करना पसंद करते हैं, क्योंकि उन्हें खुद पर विश्वास है। 2005 में कंपनी के तत्कालीन एचआर सीनियर वीपी माइकल विंस्टन ने उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हुआंग ने एक मीटिंग में कहा था कि या तो यह करो, नहीं तो मैं तुम्हारा दिल निकाल लूंगा। इसके बाद विंस्टन को नौकरी से निकाल दिया गया। बाद में उन्होंने कंपनी से 10 लाख डॉलर के समझौते पर मामला सुलझाया।
