अमेरिका में करीब 18 साल बिताने के बाद टेक इंजीनियर बालाजी गुरुराजन और उनकी पत्नी ने सिलिकॉन वैली की अच्छी नौकरी छोड़कर भारत में बसने का फैसला किया है। 44 वर्षीय गुरुराजन का कहना है कि बच्चों की बेहतर परवरिश और उन्हें अपनी संस्कृति व बड़े परिवार से जोड़ने के लिए यह फैसला लिया गया। उन्होंने जून में सैन फ्रांसिस्को बे एरिया छोड़कर बंगलूरू में घर बसाया है।
तमिलनाडु में जन्मे और पले-बढ़े गुरुराजन ने ग्रेजुएशन के बाद बंगलूरू में विप्रो और फिर फिलिप्स में काम किया। इसके बाद वे अमेरिका गए और करीब एक साल बाद माइक्रोसॉफ्ट से जुड़ने का उनका सपना पूरा हुआ। माइक्रोसॉफ्ट, लिंक्डइन और मेटा में आईटी पेशेवर के तौर पर काम कर चुके गुरुराजन ने बताया कि अमेरिका में शाकाहारी होने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
माइक्रोसॉफ्ट में काम के दौरान उनकी शादी हुई। बायोटेक्नोलॉजी में मास्टर डिग्री रखने वाली उनकी पत्नी भी बाद में वहां नौकरी करने लगीं। बेहतर अवसरों के लिए परिवार बे एरिया चला गया और क्यूपर्टिनो में घर खरीदा। गुरुराजन को ग्रीन कार्ड और अमेरिकी नागरिकता भी मिली। उनके 6 और 14 साल के दो बच्चे हैं, जिनका जन्म अमेरिका में हुआ और जिन्होंने भारत को केवल छुट्टियों में देखा था।
गुरुराजन का कहना है कि अमेरिका में पारिवारिक ढांचा गायब था और वहां की संस्कृति आत्मनिर्भरता पर टिकी है। उन्होंने बताया कि भारत लौटने का विचार उनके मन में हमेशा रहता था। अंत में उन्होंने अपना घर किराये पर उठाया और फर्नीचर व अन्य सामान बेचकर बंगलूरू आ गए। उनका कहना है कि बच्चों को दादा-दादी, नाना-नानी और चचेरे भाई-बहनों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा, ताकि वे दुनिया में कहीं भी रहें, अपनी जड़ों से जुड़े रहें। कुछ लोगों ने इस फैसले को बेवकूफी भरा बताया, लेकिन गुरुराजन कहते हैं कि बच्चों को अपने देश के परिवेश में बड़े होते देखना सुकून देता है।