तेहरान। ईरान अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच उसकी नौसैनिक नाकेबंदी को चुनौती देने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान तेल टैंकरों का एक बड़ा काफिला भेजने की योजना बना रहा है, जिससे ईरानी जहाज सीधे अमेरिकी युद्धपोतों के आमने-सामने आ सकते हैं।
'द जेरूसलम पोस्ट' की एक रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों, जहाज-ट्रैकिंग डेटा और ईरानी मीडिया की खबरों के हवाले से बताया गया है कि तेहरान 14 से अधिक तेल टैंकरों का काफिला तैयार कर रहा है। यह कदम अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी को चुनौती देने के इरादे से उठाया जा रहा है।
ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके काफिले पर हमला करने या उसे रोकने की कोशिश की गई, तो वह फारस की खाड़ी में मौजूद तेल बुनियादी ढांचे पर जवाबी हमला करेगा। इस चेतावनी से खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि ईरान अमेरिका के साथ तनाव भरी स्थिति को परखने की कोशिश कर रहा है। इस योजना के सामने आने के बाद तेल ठिकानों पर एक बार फिर खतरे की आशंका जताई जा रही है।
