इजरायल में राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने संभावित सरकार में शामिल होने के लिए कई शर्तें रखी हैं। इनमें गाजा, लेबनान और सीरिया में युद्ध के दौरान स्थापित इजरायली सुरक्षा क्षेत्रों को बनाए रखने की मांग शामिल है। लिकुड ने फलस्तीनी राष्ट्र के गठन का विरोध करने और यहूदी राष्ट्र के रूप में इजरायल की पहचान को मान्यता देने जैसी शर्तें भी रखी हैं। पार्टी ने इन शर्तों को एक आधिकारिक दस्तावेज में शामिल किया है।

इससे पहले गादी आइजेनकोट की याशर पार्टी ने शनिवार को लिकुड को राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने के लिए वार्ता शुरू करने का न्योता दिया था। याशर ने कहा कि उसकी टीम सरकार गठन के लिए हर संभव रास्ता तलाशेगी। लिकुड ने पहले यह शर्त भी रखी थी कि नई सरकार बनने पर हमास के सात अक्टूबर 2023 के हमले की जांच के लिए राज्य जांच आयोग गठित नहीं किया जाए। विपक्षी दल लंबे समय से इस हमले की जांच के लिए स्वतंत्र राज्य आयोग बनाने की मांग कर रहे हैं। आइजेनकोट के पास नई सरकार बनाने के लिए छह दिसंबर तक समय है और राष्ट्रपति उन्हें दो सप्ताह का अतिरिक्त समय भी दे सकते हैं।

गौरतलब है कि 27 अक्टूबर के चुनाव में नेतन्याहू के विरोधी दलों ने संसद की 120 में से 67 सीटें हासिल की थीं। हालांकि, इस बहुमत में अरब पार्टियों की 19 सीटें भी शामिल हैं, जिनका समर्थन आइजेनकोट के संभावित गठबंधन के कुछ सहयोगी स्वीकार नहीं करते। ऐसे में नई सरकार के गठन के लिए कई राजनीतिक मुद्दों पर सहमति बनानी होगी।

इजरायल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक में रविवार तड़के यहूदी कट्टरपंथी बस्तियों के लोगों ने कई फलस्तीनी गांवों को निशाना बनाया। हमलावरों ने गाड़ियों में आग लगा दी और घरों की दीवारों पर नस्लभेदी नारे लिखे। दीवारों पर 'बदला' जैसे संदेश भी लिखे गए। आइजेनकोट ने इस घटना की निंदा की है और इसे 'यहूदी आतंकवाद' करार दिया। उन्होंने नेतन्याहू सरकार में शामिल दक्षिणपंथी मंत्रियों इतामार बेन-ग्विर और बेजलेल स्मोट्रिच की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, इन नीतियों ने इलाके को अराजकता के कगार पर पहुंचा दिया है।

इजरायली पुलिस ने हमलों की जांच शुरू कर दी है। सेना ने भी हिंसा की निंदा की है। सेना के मुताबिक, दीर अल-सुदान, दीर अबू मशाल, कफ्र मलिक और अत-तुवानी इलाकों में गाड़ियों को जलाने और दीवारों पर नारे लिखने की घटनाओं के बाद सैनिकों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। बेन-ग्विर ने आइजेनकोट के बयान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि वह अरब पार्टियों के साथ समझौता कर रहे हैं। वहीं, अरब पार्टी जाइंट लिस्ट के प्रमुख यूसुफ जबारीन ने कहा कि फलस्तीनियों के खिलाफ हिंसा इजरायली कब्जे और सरकार की नीतियों का नतीजा है।