शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 'सभ्यतागत संवाद मंच' में हिस्सा लेने भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक रविवार को दिल्ली में सिंधु जल संधि पर अपने पुराने बयान को लेकर सवालों से घिरे नजर आए। पत्रकारों द्वारा इस मुद्दे पर उनका पुराना रुख पूछे जाने पर मलिक ने कहा कि भारत ने उन्हें सिंधु जल संधि पर चर्चा के लिए आमंत्रित ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इस विषय पर बातचीत के लिए बुलाया जाएगा, तब वे जरूर चर्चा करेंगे।

गौरतलब है कि इसी साल अक्टूबर में मलिक ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले पर भड़काऊ बयान देते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। भारत ने यह कदम 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद उठाया था। नई दिल्ली का रुख साफ है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक यह संधि स्थगित रहेगी।

आतंकवाद से जुड़े सवालों पर भी मलिक ने बचाव की मुद्रा अपनाई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बातचीत और सबूत पेश करने के लिए तैयार है। मलिक ने दावा किया कि यदि स्थायी समाधान खोजा जाना है, तो चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उनके मुताबिक, यह मसला द्विपक्षीय या बहुपक्षीय स्तर पर उठाया जा सकता है, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने सबूत रख सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही दो टूक कह चुके हैं कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते; खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।