पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने 22 नवंबर को राजधानी में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इस दौरान उनसे भारत में हुए आतंकी हमलों और पाकिस्तान की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे गए। एक पत्रकार द्वारा आतंकवाद पर सवाल किए जाने पर मलिक चिढ़ गए और कहा, 'इतना ऊंची आवाज में क्यों बात कर रहे हैं भाई।'

मलिक ने सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय आतंकवाद से जुड़े आरोपों पर सबूत मांगे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के किसी भी मुद्दे पर चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के हजारों नागरिक भी कट्टरपंथ और आतंकवाद का शिकार हुए हैं और उनकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान दे रही है।

पाकिस्तानी मंत्री ने आतंकवाद के मुद्दे को पूरे क्षेत्र की समस्या बताया और कहा कि इसका समाधान निकालने के लिए एक ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जहां सभी सबूत और तथ्य पारदर्शी तरीके से रखे जा सकें। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने में पाकिस्तान की सबसे ज्यादा दिलचस्पी है। हालांकि, भारत की ओर से पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया।

मलिक ने भारत के साथ बातचीत का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि स्थायी समाधान के लिए बातचीत का रास्ता अपनाना होगा और दोनों देश आपस में बैठकर अपने-अपने सबूत पेश कर सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाधान खोजने के बजाय उकसाने की कोशिश करते हैं। उल्लेखनीय है कि भारत लंबे समय से स्पष्ट करता रहा है कि आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते और वह सीमा पार से होने वाले आतंकवाद को अपनी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानता है।