लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी नौसैनिक युद्धपोत मर्करी पर संदिग्ध यूक्रेनी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ, जिसके बाद जहाज में धमाका हुआ और आग लग गई। हमले में जहाज आंशिक रूप से डूब गया। सैटेलाइट इमेजरी कंपनी वैंटोर की तस्वीरों में जहाज का अधिकांश हिस्सा पलटकर डूबा दिख रहा है और केवल अगला हिस्सा पानी के ऊपर है। जहाज के आसपास धुआं और मलबा भी देखा गया। समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने बताया कि ये ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों द्वारा संचालित एक अड्डे से दागे गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, कम से कम चार ड्रोन रास्ते में ही नष्ट कर दिए गए, जबकि दो जहाज से टकराए। यह जहाज मॉस्को और पूर्वी लीबिया प्रशासन के बीच सहयोग समझौते के तहत ईंधन और रसद के लिए बंदरगाह पर रुका था। हालांकि, यूक्रेन और रूस दोनों ने इस हमले पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
अल जजीरा के अनुसार, स्थानीय सूत्रों ने बताया कि हमले में अज्ञात संख्या में लीबियाई और रूसी नागरिकों की मौत हुई है। उनका यह भी दावा है कि जहाज पर हथियार, गोला-बारूद और ड्रोन लदे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन ड्रोनों को जहाज पर हमला करते देखा गया। इन दावों की सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
पूर्वी लीबिया प्रशासन ने कहा कि जहाज में लगी आग पर काबू पा लिया गया है और हमले के स्रोत का पता लगाने के लिए रूस के साथ संयुक्त जांच शुरू की गई है। प्रशासन ने इस संदिग्ध हमले की निंदा करते हुए इसे लीबिया की संप्रभुता का उल्लंघन और समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बताया। उसने स्पष्ट किया कि लीबिया अपने बंदरगाहों, जमीन या समुद्री क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को फैलाने का अखाड़ा नहीं बनने देगा और रूस-यूक्रेन युद्ध का हिस्सा नहीं है। पूर्वी लीबिया सरकार के प्रमुख ओसामा हम्माद ने संयुक्त राष्ट्र से अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है।
इससे पहले रविवार शाम को एक अलग घटना में बेनगाजी के तट के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ था। पूर्वी प्रशासन के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, घायल चालक दल के सभी सदस्यों को बचा लिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। अलमसार टेलीविजन के मुताबिक, नौसेना और वायुसेना ने इस भूमध्यसागरीय शहर के पास कम से कम 12 अन्य समुद्री ड्रोन नष्ट किए। पश्चिमी लीबिया स्थित सरकार ने भी देश के बंदरगाहों और नागरिक ठिकानों को बाहरी संघर्षों में घसीटने की कोशिशों पर चिंता जताई है। अल जजीरा के अनुसार, यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी सैन्य और खुफिया कर्मियों की मौजूदगी की खबरें सामने आ रही हैं। मध्य पूर्व के सुरक्षा और रक्षा विशेषज्ञ तल्हा अब्दुल रजाक ने बताया कि इस हमले के पीछे संभवतः यूक्रेनी खुफिया सेवाओं का हाथ है। उनके मुताबिक, पिछले साल के अंत में खबरें आई थीं कि यूक्रेनी खुफिया सेवाओं और त्रिपोली सरकार के बीच वहां यूक्रेन की सैन्य और खुफिया मौजूदगी स्थापित करने का समझौता हुआ है, जिसके बदले त्रिपोली सरकार को यूक्रेन की सैन्य विशेषज्ञता मिलनी थी। गौरतलब है कि 2011 में नाटो समर्थित विद्रोह में मुअम्मर गद्दाफी के तख्तापलट के बाद से लीबिया दो प्रतिद्वंद्वी प्रशासनों में बंटा हुआ है। संयुक्त राष्ट्र से मान्यता प्राप्त सरकार त्रिपोली में है, जबकि पूर्वी हिस्से पर एक प्रतिद्वंद्वी प्रशासन का नियंत्रण है।
