दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रतिभा की होड़ में अमेरिका और चीन आगे हैं, जबकि भारत अपने विशेषज्ञों को देश में रोकने में विफल रहा है। फेई-फेई ली, काइमिंग हे और अनिमा आनंदकुमार जैसे वैज्ञानिक अब तकनीक के क्षेत्र में चर्चित चेहरे बन चुके हैं। स्टैनफोर्ड की फेई-फेई ली ने डीप-लर्निंग क्रांति में अहम भूमिका निभाई है, काइमिंग हे के 'रेजनेट' आर्किटेक्चर ने कंप्यूटर विजन में बड़ा बदलाव किया, जबकि IIT मद्रास की पूर्व छात्रा अनिमा आनंदकुमार 'न्यूरल ऑपरेटर्स' तकनीक पर काम कर रही हैं। AI की इस दौड़ में अब सबसे बड़ा संसाधन मानवीय बुद्धिमत्ता है।

कार्नेगी एंडोमेंट के एक विश्लेषण के अनुसार, 'NeurIPS 2025' में स्वीकार किए गए 10,280 शोध-पत्रों में से अधिकांश चीन और अमेरिका के शोधकर्ताओं के थे। इनमें से लगभग 60% ने चीन में स्नातक की पढ़ाई की है, जबकि अमेरिका में ऐसा करने वालों की संख्या केवल 13% है। चीन अब अपने प्रतिभाशाली लोगों को देश में बनाए रखने पर जोर दे रहा है और वर्तमान में 41% शोधकर्ता वहीं काम कर रहे हैं। अमेरिका में काम कर रहे 3,514 प्रमुख शोधकर्ताओं में से लगभग 35.7% ने चीन में और 34.5% ने अमेरिका में पढ़ाई की है। ये दोनों मिलकर अमेरिका के शीर्ष AI शोध कार्यबल का लगभग 70% हिस्सा हैं।

इसके विपरीत, भारत में पढ़ाई करने वाले AI शोधकर्ताओं की संख्या केवल 285 (यानी 8.1%) है। चीन ने AI के क्षेत्र में 4,000 से अधिक शोधकर्ताओं को शिक्षित किया है, जबकि भारत से केवल 411 शोधकर्ता सामने आए। भारत में पढ़ाई करने वाले शोधकर्ताओं में से केवल 10% ही भारत में रुके, बाकी लगभग 370 (यानी 90%) विदेश चले गए, जिनमें से ज्यादातर अमेरिका गए। कार्नेगी अध्ययन के अनुसार 2022 में चीन ने विज्ञान-इंजीनियरिंग में 53,000 PhD दिए, अमेरिका ने 2023 में 45,000, जबकि भारत ने 2021 में मात्र 23,000। कंप्यूटर साइंस में भारत की 621 PhD के मुकाबले अमेरिका की 2,874 थीं। वैश्विक AI साइटेशन में भारत की हिस्सेदारी 3.2% से 6% हुई, चीन की 22.5% रही। AI पेटेंट में चीन 70% पर है, जबकि भारत जीरो पर। स्टैनफोर्ड AI इंडेक्स 2025 के अनुसार अमेरिका ने 40 और चीन ने 15 प्रमुख मॉडल बनाए, जबकि भारत ने कोई मॉडल नहीं बनाया। कार्नेगी अध्ययन के अनुसार 2022 से 2025 के बीच शीर्ष AI शोधकर्ताओं में भारत की हिस्सेदारी दो प्रतिशत घटी है।

इधर, प्रतिभाओं को आकर्षित करने वाले अमेरिका में राजनीतिक उथल-पुथल चल रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कुछ हलकों में यह संदेह बढ़ रहा है कि चीनी लोग अमेरिका की उन्नत तकनीक तक पहुंच बना रहे हैं, खासकर 'एनवीडिया' से जुड़े हालिया विवाद के बाद। इसका असर चीन में जन्मे शोधकर्ताओं पर भी पड़ रहा है। शुक्रवार को रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर आव्रजन अधिकारियों ने ईवा यी ज़ी को हिरासत में ले लिया। चीन में जन्मीं ज़ी प्रिंसटन में डॉक्टरेट की छात्रा और MIT की पूर्व छात्रा हैं। वे किशोरावस्था में अमेरिका आई थीं और उनका शरण का मामला अभी लंबित है। वे एक न्यूरोसाइंस सम्मेलन से लौटते समय हिरासत में ली गईं। उनके वकीलों का कहना है कि उनके पास वैध 'वर्क ऑथराइजेशन' था, जबकि डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी उनके पढ़ाई करने की अनुमति पर सवाल उठा रहा है। उन पर जासूसी करने या एनवीडिया जांच से जुड़े होने का कोई आरोप नहीं है।