सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सामरिक व्यवस्था से जुड़े कई अन्य संगठनों के व्हाट्सएप ग्रुपों में पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) की घुसपैठ सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये पीआईओ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के सीक्रेट एजेंट हैं, जो इन ग्रुपों में घुसकर सैन्य गतिविधियों, अहम क्षेत्रों में तैनाती और अति संवेदनशील सुरक्षा नेटवर्क से जुड़ी जानकारियां जुटाने की कोशिश कर रहे हैं। इस घुसपैठ का मकसद सेना और सीएपीएफ इकाइयों की ऑपरेशनल सूचना, सामरिक प्रतिष्ठानों, रक्षा तैनाती और संवेदनशील आंकड़ों को हासिल करना बताया जा रहा है।

पिछले सप्ताह 17 नवंबर को कई सुरक्षा बलों ने अपने कर्मियों को पाकिस्तानी आईएसआई और उसके गुर्गों पीआईओ की हरकतों से सतर्क रहने को कहा है। सेना और अन्य सुरक्षा बलों में इस संदेश को ज्यादा से ज्यादा जवानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मियों को बताया गया है कि पीआईओ कई व्हाट्सएप ग्रुपों में छिपकर मौजूद हैं और खुद को फोर्स से जुड़ा व्यक्ति बता रहे हैं।

हाल ही में सोनिया नाम की एक महिला पीआईओ का मामला सामने आया है। उसने खुद को डीआरडीओ का वैज्ञानिक बताया और 'ऑल इंडिया डिफेंस सिविलियन म्यूचुअल ट्रांसफर पोस्टिंग' वाले व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हो गई। एक सिविलियन स्टाफ के साथ उसकी लंबी बातचीत हुई और धीरे-धीरे उसने उस कर्मचारी को अपने जाल में फंसा लिया। पैसे के लेन-देन के बाद उस कर्मचारी ने रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक कर दी। इसके बाद बीआरओ सहित सभी सशस्त्र बलों और अन्य संगठनों को सतर्क किया गया है।

सभी बलों और संगठनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कर्मियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दें और सजग रहने की ट्रेनिंग दें। संभव हो तो छोटे समूहों में साइबर क्राइम और खासकर पीआईओ को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए। सेना के अलावा विभिन्न सुरक्षा बलों और बीआरओ सहित रक्षा क्षेत्र के अन्य संगठनों के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों का ऑडिट करने की जिम्मेदारी ग्रुप एडमिन को दी गई है। अज्ञात व्यक्तियों को ग्रुप से बाहर किया जाए, पुराने ग्रुप खत्म किए जाएं या उनसे बाहर निकला जाए और संदिग्ध सदस्यों को हटाया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इन ग्रुपों में कोई संवेदनशील जानकारी साझा न हो और उस पर कोई चर्चा न की जाए।