केंद्र सरकार ने चीनी मिलों को सी-हैवी शीरे से एथेनाल बनाने का लक्ष्य दिया है। उत्तर प्रदेश में 90 करोड़ लीटर एथेनाल का उत्पादन किया जाएगा। बी-हैवी शीरे और सिरप से एथेनाल बनाने पर रोक लगाई गई है। धामपुर चीनी मिल में डिस्टलरी प्लांट लगाया गया है।

बिजनौर। केंद्र सरकार ने चीनी मिलों को सी-हैवी शीरे से एथेनाल बनाने का लक्ष्य दिया है। इस शीरे की मिलावट पेट्रोल में की जाएगी। उत्तर प्रदेश में 90 करोड़ लीटर एथेनाल का उत्पादन होगा। बी-हैवी शीरे और सिरप से एथेनाल बनाने पर रोक है। मिलें इस बार केवल सी-हैवी शीरे से ही एथेनाल बनाएंगी और इस पर काम शुरू भी कर दिया गया है।

धामपुर चीनी मिल के जीएम उत्पादन मुकेश कश्यप के अनुसार, बी-हैवी शीरे और सिरप से एथेनाल बनाने पर रोक है। सी-हैवी शीरे से ही एथेनाल बनाई जाएगी और मिलों को इसका लक्ष्य मिल गया है। गन्ने की 0238 प्रजाति से किसानों को बंपर पैदावार मिली, जिससे चीनी का उत्पादन बढ़ा और दाम घट गए। इस पर भारत सरकार ने चीनी का उत्पादन कम करने के लिए बी-हैवी शीरे और सिरप से एथेनाल बनाने पर जोर दिया था। एथेनाल बनाने के लिए जिले में पांच मिलों ने डिस्टलरी लगाई है।

गन्ने से चीनी बनने के बाद बचा तरल सी-हैवी शीरा होता है। इसमें गन्ने की मिठास बढ़ाई जाए तो बी-हैवी शीरा बनता है। एक क्विंटल गन्ने से 4.25 लीटर सी-हैवी या 6.25 लीटर बी-हैवी शीरा बनता है। एक क्विंटल सी-हैवी से 22 लीटर और एक क्विंटल बी-हैवी से 31 लीटर एथेनाल बनता है। पेट्रोल में एथेनाल की मिलावट 20 प्रतिशत तक की जा रही है और अब शत प्रतिशत एथेनाल से बनने वाले वाहन भी लांच किए जा रहे हैं। एथेनाल को पेट्रोलियम कंपनी 57.97 रुपये प्रति लीटर में खरीदेंगी।