विदेशों में मखाना की बढ़ती मांग से मिथिलांचल के किसानों का रुझान इसकी खेती की ओर बढ़ा है। बेहतर पैकेजिंग, नए उत्पादों और उन्नत तकनीकों से किसानों व महिला समूहों को बड़ा मुनाफा हो रहा है। दरभंगा और आसपास के क्षेत्रों से दुबई, कनाडा, मलेशिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और अमेरिका तक मखाना भेजा जा रहा है।
बिहार राज्य मत्स्यजीवी सहकारी संघ लिमिटेड, दरभंगा से जुड़े उद्यमी ऋषिकेश कश्यप ने बताया कि पहले खुला मखाना कम दाम में बेचना पड़ता था। अब रोस्टेड, पेरी-पेरी, पुदीना, चीज मखाना, कुकीज और लड्डू समेत मखाना के 26 व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की विदेशों में सप्लाई से मुनाफा तीन गुना तक बढ़ा है।
बिरौल के नेउरी गांव के महादेव सहनी ने पारंपरिक खेती छोड़कर पांच एकड़ में मखाना की खेती शुरू की। राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र से प्रशिक्षण लेकर अपना ब्रांड चलाने वाले महादेव सालाना 25 से 30 लाख रुपये का टर्नओवर कर रहे हैं। मधुबनी की पूजा कुमारी ने महिला किसान समूह बनाकर पैकेजिंग यूनिट शुरू की, जिससे जुड़ी 60 महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर दिल्ली के बड़े माल तक उत्पाद भेज रही हैं।
राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र के विज्ञानी डॉ. एनके सिंह ने बताया कि स्वर्ण वैदही जैसी नई उन्नत किस्मों पर काम चल रहा है। इन्हें गहरे तालाबों के बजाय सामान्य खेतों में एक से दो फीट पानी में भी उगाया जा सकता है और ये सामान्य किस्मों से 30 प्रतिशत अधिक पैदावार देती हैं। ऑटोमेटिक पापिंग मशीनों और आधुनिक ग्रेडिंग से प्रोसेसिंग आसान हुई है। कम वसा, अधिक फाइबर, ग्लूटेन-फ्री और कम ग्लाइसेमिक लोड के कारण मखाना विदेशों में हेल्दी स्नैक के रूप में पसंद किया जा रहा है।
