तेल अवीव: इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन ने कहा है कि देश को ईरान पर फिर से हमले के लिए तैयार रहना चाहिए। इजरायली समाचार आउटलेट वायनेट के अनुसार, गोफमैन का मानना है कि अगर अमेरिका सीधे तौर पर युद्ध में शामिल नहीं होता है, तो इजरायल को अकेले लड़ना चाहिए। वे जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ स्वतंत्र सैन्य कार्रवाई के पक्ष में हैं। हालांकि, इजरायल संयुक्त अभियान के लिए अमेरिका का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहा है। खुद गोफमैन ने हाल ही में वॉशिंगटन का दौरा करके ट्रंप प्रशासन को ईरान पर हमले के लिए राजी करने की कोशिश की है।

वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से वायनेट की रिपोर्ट में कहा गया है कि गोफमैन को चिंता है कि हमले में देरी करने से ईरान ऐसी क्षमताएं विकसित कर सकता है, जिन्हें नष्ट करना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने खासतौर से ईरान के रासायनिक हथियार बनाने से जुड़ी रिपोर्ट को फिक्र की वजह बताया है। इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी ईरान के खिलाफ नए सिरे से लड़ाई के पक्ष में दिख रहे हैं।

इसके उलट इजरायली सेना प्रमुख इयाल जमीर और विपक्षी नेता गादी आइजेनकॉट फिलहाल ईरान के खिलाफ कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं। दोनों यह कहते रहे हैं कि ईरान उनके देश के लिए खतरा है, लेकिन उनका मानना है कि हमले के लिए डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी का इंतजार किया जाए। जमीर का मानना है कि इजरायल को अमेरिकी भागीदारी पर ट्रंप के फैसले का इंतजार करना चाहिए, क्योंकि अमेरिका के शामिल होने से इजरायल को बड़ी मदद मिलेगी।

इजरायली सेना का कहना है कि देश के अस्तित्व पर कोई तत्काल खतरा मंडराता है तो वह स्वतंत्र रूप से कार्रवाई कर सकती है। सैन्य नेतृत्व मानता है कि मौजूदा हालात अभी उस स्तर तक नहीं पहुंचे हैं और उसने संयुक्त कार्रवाई को प्राथमिकता दी है। इजरायल के राष्ट्रपति ने चुनावों में किसी एक दल को बहुमत न मिलने के बाद गादी आइजेनकॉट को नई सरकार के लिए न्योता दिया है। आइजेनकॉट ने ईरान के मसले पर कहा है कि उन्हें कोई सीधा और तत्काल खतरा नहीं दिख रहा है और फिलहाल चीजें ऐसी नहीं हैं कि नई सरकार बनने से पहले सैन्य कार्रवाई की जाए।