जयपुर के अल्बर्ट हॉल म्यूजियम के बाहर रविवार सुबह वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन-2026 का आयोजन हुआ, जिसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया। दौड़ में बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों ने हिस्सा लिया।
इस मैराथन का एक खास पहलू 'जीरो हंगर' से जुड़ा नियम रहा, जिसके तहत जितने किलोमीटर दौड़, उतने हिसाब से भोजन उपलब्ध कराने की पहल की गई। सीएम भजनलाल शर्मा ने मंच से इस पहल का जिक्र करते हुए कहा कि हर किलोमीटर के बदले एक भोजन की व्यवस्था इस आयोजन को अलग बनाती है। उन्होंने अपनी सरकार की 8 रुपये वाली अन्नपूर्णा रसोई का भी जिक्र किया।
सीएम शर्मा ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त और समृद्ध राजस्थान की नींव हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' से प्रेरणा लेकर जन-जन तक फिटनेस का संदेश पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने राजस्थान को शक्ति और भक्ति की धरती बताते हुए वेदांता ग्रुप व हिंदुस्तान जिंक की 11 साल पुरानी इस पहल की सराहना की और 'भारत माता की जय' व 'वंदे मातरम' के नारे भी लगाए।
कार्यक्रम में पद्म भूषण पीवी सिंधु की मौजूदगी ने धावकों के जोश को और हवा दी। इस मौके पर महापौर सुनील कोठारी, लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत और हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश समेत कई चेहरे मौजूद रहे।
