जमुई के झाझा रेलवे तालाब को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का काम तेजी से चल रहा है। करीब 22.7 एकड़ में फैले इस तालाब में हजारों बत्तखों और राजहंसों को रखकर इसकी खूबसूरती बढ़ाने की पहल की गई है। परियोजना के तहत तालाब में फैली जलकुंभी और कचरे को हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है, और अब पानी को स्वच्छ बनाने के लिए ट्रीटमेंट व जल शुद्धिकरण का कार्य किया जा रहा है।
सुंदरीकरण योजना के तहत आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित व पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा रहा है। यहां बैठने के लिए बेहतर बेंच और ट्रैक विकसित किए जा रहे हैं, साथ ही एक आधुनिक कैफेटेरिया बनाने की तैयारी है, ताकि स्थानीय लोग और पर्यटक परिवार के साथ आकर प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकें।
पर्यटन विकास के साथ-साथ तालाब में वैज्ञानिक तरीके से मत्स्य पालन को भी बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं और आगामी माह से मछली पालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे तालाब के प्राकृतिक संसाधनों का सही उपयोग होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर भी पैदा हो सकेंगे।
जिला परिषद प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह ने बताया कि झाझा रेलवे तालाब को जल्द से जल्द स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना मुख्य लक्ष्य है। इसके लिए साफ-सफाई, जल शुद्धिकरण और सुंदरीकरण सहित सभी कार्य युद्ध स्तर पर पूरे कराए जा रहे हैं। इस पूरी परियोजना में दानापुर रेल मंडल की ओर से भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
