वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने रांची में विधानसभा के समक्ष कुटे मैदान में महाधरना किया। मोर्चा की मांगों में 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि, राज्य कर्मी का दर्जा, सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना, जैक में वित्त पदाधिकारी एवं अकादमिक पदाधिकारी को अविलंब हटाना और संयुक्त बिहार से स्थापना अनुमति प्राप्त 158 उच्च विद्यालयों को पूर्व की तरह नियमित अनुदान देना शामिल है।

धरना स्थल पर ही मोर्चा के अध्यक्ष मंडल की बैठक हुई, जिसमें 30 नवंबर को 75 प्रतिशत अनुदान वृद्धि को लेकर पूरे राज्य में शैक्षणिक हड़ताल का निर्णय लिया गया। इस दिन शिक्षक काला बिल्ला लगाकर अपने-अपने संस्थानों के मुख्य द्वार पर बैठेंगे। बैठक में तीन दिसंबर को लोक भवन के सामने महाधरना करने और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने का भी निर्णय हुआ।

दिसंबर माह में राज्यभर के 700 अनुदानित स्कूल-कॉलेजों के शिक्षक एवं कर्मचारी अपने-अपने छात्रों के साथ संस्थानों के मुख्य द्वार पर महाधरना देंगे। धरना स्थल पर विधायक निर्मल महतो ने शिक्षकों को उनकी मांगों को शीतकालीन सत्र में उठाने का आश्वासन दिया।

धरना में इंटरमीडिएट, उच्च विद्यालय, संस्कृत विद्यालय और मदरसा विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। संस्कृत शिक्षक पीला वस्त्र पहनकर आए थे, जबकि मदरसा के शिक्षक उजाला टोपी पहने थे। इस अवसर पर गणेश महतो, मनीष कुमार, अरविंद सिंह, देवनाथ सिंह, डालेश चौधरी, मनोज तिर्की, विनय उरांव और मुरारी प्रसाद सिंह ने सभा को संबोधित किया।