रांची। झारखंड में सत्तारूढ़ झामुमो ने परिसीमन बिल पर अब तक अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व फिलहाल 'देखो और इंतजार करो' की नीति पर कायम है। शनिवार को दिल्ली में आईएनडीआईए गठबंधन की बैठक प्रस्तावित है, लेकिन झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन या उनके प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे या नहीं, यह भी साफ नहीं है।
झामुमो प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पहले विधेयक को देखा जाएगा। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों का अनुपात देखना होगा और कई पहलुओं पर विचार करना होगा। इसके बाद देश और झारखंड के हित में निर्णय लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2026 में लोकसभा में परिसीमन बिल पेश हुआ था, तब झामुमो समेत विपक्षी गठबंधन ने इसका विरोध किया था और बिल के खिलाफ मतदान भी किया था। दो तिहाई बहुमत न मिलने से बिल तब गिर गया था। 2008 में भी देश में परिसीमन की प्रक्रिया के दौरान झामुमो ने विरोध किया था। तब आशंका जताई गई थी कि जनगणना के आधार पर होने वाले परिसीमन से झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या घट जाएगी। उस समय झामुमो अध्यक्ष स्वर्गीय शिबू सोरेन ने विरोध किया था और अन्य राजनीतिक दलों की आपत्ति के कारण राज्य में विधानसभा सीटों का परिसीमन नहीं हुआ था।
झारखंड में कांग्रेस और झामुमो सत्ता के साझेदार हैं। प्रस्तावित परिसीमन बिल का कांग्रेस विरोध कर रही है, जबकि झामुमो ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। झामुमो के इस रुख से कांग्रेस के भीतर भी बेचैनी बताई जा रही है। एक-दो दिन में झामुमो का रुख और साफ हो सकता है।
