कानपुर में विमर्श मंच पर नागरिकों ने शहर की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से सीधे सवाल किए। बिजली, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात, अतिक्रमण और युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति सहित कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के सुझाव भी दिए। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और जनभागीदारी से शहर की तस्वीर बदलने पर जोर दिया।
मंच पर सीडीओ अभिनव जे जैन ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए विकास के विजन पर चर्चा की। केस्को एमडी नेहा जैन ने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, ऑनलाइन भुगतान और उपभोक्ता सुविधाओं से जुड़े सवालों के जवाब देकर नागरिकों को संतुष्ट किया। अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की कार्ययोजना बताई।
सवाल-जवाब के दौरान नए बिजली कनेक्शन के आवेदन निरस्त होने की समस्या पर बताया गया कि 10 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल और बड़े कनेक्शन के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन किया जा सकता है, ताकि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अंडरग्राउंड लाइन बिछने के बाद भी कई जगह पुराने खंभे लगे होने के सवाल पर अधिकारियों ने बताया कि करीब चार हजार ऐसे खंभे हैं, जिन पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें भी लगी हैं, इस कारण सभी को हटाना संभव नहीं हो पा रहा है। सड़क पर खंभे और ट्रांसफार्मर रह जाने से दुर्घटना के सवाल पर कहा गया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान यूटिलिटी शिफ्टिंग का बजट संबंधित विभाग देता है और शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बिजली बिल का भुगतान करने के बाद पैसा खाते में जमा न होने की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ता केस्को की आधिकारिक वेबसाइट या बिल पर दिए गए क्यूआर कोड से भुगतान करें और भुगतान के बाद उसकी पुष्टि जरूर करें। कनेक्शन कटने का कारण गलत जगह बिल जमा करना हो सकता है। कार्यक्रम में अंकुश शुक्ल सहित कई नागरिकों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
