जम्मू और कश्मीर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक बड़े ऑपरेशन की शुरुआत की है। खबर है कि इस अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर लतीफ भट घिर गया है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। कहा जा रहा है कि भट ने अपने साथियों के साथ मिलकर 11 नवंबर को सीआरपीएफ के कैंप पर हमला किया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को भी आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई थी और माना जा रहा है कि उस एनकाउंटर में लतीफ भट भाग निकला था। भट पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है। लारू में हुई उस मुठभेड़ में उसका एक साथी मारा गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, आतंकी उमर निसार डार ने करीब छह महीने तक लतीफ भट को पनाह दी थी और दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। पुलिस के अनुसार, डार पहले ब्रेड बनाने का काम करता था और उसके परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार की मुठभेड़ में वह मारा गया। बताया जा रहा है कि मारे जाने से महज एक हफ्ते पहले वह ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ में शामिल हुआ था, जो पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा का ही एक गुट है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में पता चला कि डार, भट के साथ मिलकर काम कर रहा था और दोनों ने अखरान गांव में सीआरपीएफ की टुकड़ी पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए। 10 और 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच में दोनों अलग-अलग जगहों के कई कैमरों में कैद हुए। सूत्रों के मुताबिक, फुटेज में हमले से पहले रेकी और उसके बाद भागने के दौरान उनकी गतिविधियां दर्ज हुई हैं। भट पर दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाकर्मियों और नागरिकों पर हुए हमलों में शामिल होने का आरोप है।
