कौशांबी में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं और उनसे जुड़े पार्कों के विकास के लिए ढाई करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। डॉ. बीआर आंबेडकर प्रतिमा स्थल विकास योजना के तहत जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 प्रमुख स्थलों को चुना गया है, यानी कुल 30 स्थलों पर काम होगा। इन स्थलों पर लंबे समय से उपेक्षित प्रतिमाओं के परिसर को नए सिरे से व्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाएगा।

सुंदरीकरण के तहत प्रतिमा स्थलों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और परिसर को आकर्षक बनाने के काम कराए जाएंगे। प्रतिमा स्थलों पर रेलिंगयुक्त स्टील की सीढ़ी, छत, बाउंड्री, फिनिशिंग, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य होंगे। प्रतिमा के नाम और इतिहास की जानकारी देने वाला सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी संबंधित महान विभूति के योगदान को जान सके। पार्कों में नागरिक सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।

योजना का उद्देश्य सिर्फ प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना भी है। चयनित स्थलों पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

संविधान दिवस के अवसर पर सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री का लाइव प्रसारण किया जाएगा, जिसके लिए जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने कार्यक्रम के सुचारु आयोजन और निगरानी के लिए प्रत्येक स्थल पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। अधिकारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आवश्यक तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।