जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट मारा गया। अधिकारियों के अनुसार, लतीफ किसी मस्जिद में छिपा हुआ था। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की और उसे सरेंडर करने का मौका दिया, लेकिन उसने इनकार करते हुए सुरक्षाबलों पर फायरिंग जारी रखी।

इससे पहले सोमवार को कुलगाम के लारू में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी और कुलगाम में सीआरपीएफ टीम पर हमले में शामिल नसीर डार मारा गया था, जबकि लतीफ भट शुरुआती घेराबंदी से बचकर भाग निकला था। अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ के छिपे होने की सूचना पर रविवार दोपहर से अभियान चलाया जा रहा था।

सोमवार सुबह कुलगाम से कुछ दूर लारू में पुलिस के वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। सीआरपीएफ और सेना के जवान भी अभियान में शामिल हो गए।

बता दें कि कुलगाम के अखरन में 11 नवंबर को आतंकी लतीफ भट ने आतंकी उमर निसार के साथ सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी और भाग निकले थे। हमले में तीन जवान घायल हुए थे। तब से सुरक्षाबल उनके पीछे लगे हुए थे।